वॉशिंगटन, 7 जून। दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क अब केवल कारोबार तक सीमित नहीं रहना चाहते। व्हाइट हाउस की राजनीति में उनकी दिलचस्पी बढ़ती जा रही है। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ मतभेद के बाद मस्क ने नई राजनीतिक पार्टी बनाने का संकेत दिया है।
सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, मस्क ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोल कर अपने 22 करोड़ फॉलोअर्स से पूछा — क्या अमेरिका को अब एक नई राजनीतिक पार्टी की जरूरत है? शुक्रवार को मस्क ने बताया कि 80% से ज्यादा लोगों ने उनके विचार का समर्थन किया। उन्होंने इसे अपना “भाग्य” बताया।
‘अमेरिका पार्टी’ नाम को मिली मस्क की सहमति
एक फॉलोअर द्वारा सुझाए गए नाम “America Party” को मस्क ने पसंद करते हुए समर्थन भी दिया है। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि मस्क रिपब्लिकन पार्टी को छोड़ने के फैसले को कितना गंभीरता से ले रहे हैं, लेकिन संकेत साफ हैं कि वह ट्रंप के राजनीतिक प्रभाव को चुनौती देने की मंशा रखते हैं।
ट्रंप से दूरी, नया राजनीतिक अध्याय शुरू?
कभी ट्रंप के करीबी माने जाने वाले मस्क के रिश्ते अब तल्ख हो चुके हैं। दोनों के बीच टिप्पणियों का दौर लगातार जारी है। राजनीतिक जानकार मानते हैं कि अगर मस्क अपनी पार्टी बनाते हैं, तो यह अमेरिकी राजनीति में एक बड़ा बदलाव ला सकता है।