कोलकाता, 28 मई । कोलकाता में मंगलवार को होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और ममता बनर्जी सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। भाजपा ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर राज्य मशीनरी और पुलिस का दुरुपयोग कर रोड शो को बाधित करने का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से कदम उठाने की मांग की है।
पश्चिम बंगाल भाजपा के सह प्रभारी एवं पार्टी के आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने मंगलवार सुबह दो वीडियो एक्स हैंडल पर शेयर करते हुए आरोप लगाया, ” कोलकाता पुलिस काम पर लग गई है। मकसद कुछ और नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कार्यक्रम बाधित करना है।”
इससे महज कुछ घंटे पहले आधी रात बाद मालवीय ने एक्स पर एक और पोस्ट करते हुए यह आरोप लगाया था कि “आधी रात के बाद, ममता बनर्जी के निर्देश के तहत, कोलकाता पुलिस, प्रधानमंत्री के रोड शो (28 मई की शाम को होने वाले) के मार्ग के विभिन्न बिंदुओं पर बनाए गए स्टेज को हटा रही है। उनके पास सारी मांगें हैं, वे अस्वीकार नहीं करेंगे, लेकिन अनुमति भी नहीं देंगे।”
मालवीय ने ममता बनर्जी पर सीधे आरोप लगाते हुए कहा, “यह राज्य मशीनरी के खुलेआम दुरुपयोग के अलावा और कुछ नहीं है। चुनाव आयोग को आगे आना होगा और समान अवसर सुनिश्चित करना होगा।” उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी आज पहले झारखंड के दुमका में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। यहां से वह पश्चिम बंगाल पहुंचेंगे। पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री मोदी दोपहर 2:30 बजे बारासात और शाम चार बजे जादवपुर संसदीय क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम को कोलकाता उत्तर में रोड शो कर जनता का समर्थन मांगेंगे। रोड शो के बाद सात बजे प्रधानमंत्री स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।













