मुंबई, 19 फरवरी । पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के विमान हादसे पर सवाल उठाने वाले राकांपा एसपी के विधायक रोहित पवार की सुरक्षा बढ़ाए जाने की जोरदार मांग की जाने लगी है। हालांकि इस संबंध में राज्य सरकार की ओर से कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की गई है।

राकांपा एसपी की कार्याध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुले ने गुरुवार को कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अजीत पवार की विमान हादसे में मौत के सदमे से अभी भी वह तथा पवार परिवार अभी तक उबरा नहीं है। अजीत पवार के भतीजे विधायक रोहित पवार ने विमान हादसे पर शक व्यक्त करते हुए रोहित पवार ने कई तकनीक पहलुओं पर प्रकाश डाला है। साथ ही इस विमान हादसे में ब्लैक बॉक्स जल जाने की भी जानकारी प्रकाश में आई है। इससे विमान हादसे को लेकर शक और गहरा हो रहा है। इस मामले की गहन छानबीन की जरुरत है। साथ ही इस मामले को उजागर कर रहे विधायक रोहित पवार की सुरक्षा बढ़ाया जाना भी जरुरी है।
सुप्रिया सुले ने कहा कि वे इस संदर्भ में मुख्यमंत्री से मांग कर रही हैं कि खुद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस रोहित पवार की सुरक्षा का जायजा लें और उसे बढ़ाएं। सुप्रिया सुले ने कहा कि विमान हादसे को लगभग बीस दिन बीत गए हैं , लेकिन इस बारे में अभी तक जांच अधिकारियों की ओर से कोई जानकारी नहीं दी जा रही है। सुप्रिया सुले ने कहा कि अगर अधिकारी जवाब देने में देरी करते हैं, तो बेचैनी और बढ़ेगी। इसे बढऩे से रोकने के लिए, यह ज़रूरी है कि घटना का सच पूरी तरह से ट्रांसपेरेंट तरीके से जनता के सामने आए।” इस मामले में पूर्व केंद्रीय मंत्री और राकांपा एपी के कार्याध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने कहा था कि विमान हादसे का ब्लैक बॉक्स जलकर नष्ट हो गया है। इस ब्लैक बॉक्स को अमेरिका स्थित प्रयोगशाला में भेजा जाएगा और सारी जानकारी प्राप्त की जाएंगी।
अजीत पवार के बेटे जय पवार ने भी गुरुवार को विमान हादसे पर शक व्यक्त किया है। जय पवार ने कहा कि अतिसुरक्षित माना जाने वाला ब्लैक बॉक्स के जलने की खबर शक पैदा करती है। जबकि इस हादसे में अजीत पवार के कागज जले नहीं थे। इसी तरह का शक शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राऊत, आदित्य ठाकरे ने भी व्यक्त की है।












