महाराष्ट्र में सियासी उलटफेर के बाद आज राज्य के डिप्टी सीएम व भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने मनसे प्रमुख राज ठाकरे से उनके घर पर मुलाकत की। राज ठाकरे के दादर स्थित निजी आवास पर दोनों के बीच डेढ़ घंटे तक बातचीत हुई। इन दोनों नेताओं के बीच ऐसे वक्त पर मुलाकात हुई है जब शिंदे कैबिनेट में विस्तार होना है.
मंत्रिमंडल विस्तार से पहले दोनों के बीच हुई मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है। कयास लगाए जा रहे हैं कि राज ठाकरे की पार्टी मनसे एकनाथ शिंदे कैबिनेट में शामिल हो सकते हैं। अटकलें हैं कि राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे को कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है।
हालांकि, इस पर अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई बयान जारी नहीं किया गया है। कहा जा रहा है कि फडणवीस, राज ठाकरे का हाल जानने के लिए उनके घर पहुंचे थे। दरअसल, ठाकरे की कुछ समय पहले ही एक सर्जरी हुई थी।
इससे पहले खबर आई थी कि एमएनएस को भी शिंदे की कैबिनेट में शामिल करते हुए अमित ठाकरे को मंत्री बनाया जा सकता है। बता दें कि फ्लोर टेस्ट और स्पीकर के चुनाव के दौरान एमएनएस के इकलौते विधायक ने बीजेपी-शिंदे गुट वाली शिवसेना के समर्थन में वोट किया था। माना जा रहा है कि मनसे के शिंदे कैबिनेट में शामिल होने की खबर का ऐलान जल्द किया जा सकता है।
इससे पहले महाराष्ट्र में सियासी संकट के समय भी एकनाथ शिंदे की राज ठाकरे से बातचीत की खबर सामने आई थी। हालांकि, तब यह कहा गया था कि शिंदे ने ठाकरे की तबीयत जानने के लिए फोन किया था। बता दें, राज ठाकरे लगातार उद्धव ठाकरे पर हिंदुत्व के मुद्दे को लेकर हमलावर हैं। एकनाथ शिंदे ने भी हिंदुत्व को लेकर सवाल खड़े किए थे।












