रायपुर/बीजापुर, 26 अप्रैल । छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के गलगम जंगल में शुक्रवार को डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) का एक जवान नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट की चपेट में आकर घायल हो गया। हादसे में जवान के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायल जवान को प्राथमिक उपचार के लिए तुरंत गलगम स्थित सीआरपीएफ कैंप लाया गया, जहां से हेलीकॉप्टर के माध्यम से उसे बीजापुर जिला अस्पताल भेजा गया।

बताते चलें कि छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर स्थित कोतापल्ली गांव के कर्रेगुट्टा पहाड़ी इलाके में पुलिस और अर्धसैनिक बलों द्वारा नक्सलियों के खिलाफ पिछले पांच दिनों से संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इस बड़े ऑपरेशन में हजारों सुरक्षाबल के जवान हिस्सा ले रहे हैं।
इधर, भीषण गर्मी के कारण अभियान में लगे जवानों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ा है। शुक्रवार को डिहाइड्रेशन की वजह से 40 से अधिक जवान बीमार हो गए, जिन्हें सेना के हेलीकॉप्टर की मदद से तेलंगाना के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।












