मुंबई (कुर्ला) | दिनांक 7 सितंबर
दस दिनों तक भक्ति और उत्साह के माहौल में मनाया गया गणेशोत्सव रविवार को भावपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कुर्ला क्षेत्र में लाडके गणराय का विसर्जन ढोल-ताशों की गूंज, पटाखों की आतिशबाजी और गुलाल की उधेरण के साथ किया गया। “गणपति बप्पा मोरया, अगले साल जल्दी आना” के जयघोष से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।

कुर्ला के छत्रपति शिवाजी महाराज तालाब में कई मंडलों और घर-घर के गणेशोत्सव मंडलों ने बप्पा का विसर्जन किया। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी थी। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में ताल और मृदंग की थाप पर नृत्य किया, जबकि युवाओं ने ढोल-ताशों की गूंज के बीच बप्पा को विदा किया। वातावरण में भक्ति और उत्साह का सुंदर संगम देखने को मिला।
बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर किसी के चेहरे पर बप्पा को विदा करने की भावुकता साफ झलक रही थी। श्रद्धालुओं ने कहा— “दस दिन बप्पा घर में रहकर आनंद और उत्साह देते हैं, अब विदाई की घड़ी आ गई है।” कई मंडलों ने अपनी सजावट के जरिए सामाजिक संदेश भी प्रस्तुत किए और जागरूकता का आह्वान किया।
विसर्जन शोभायात्रा में अनुशासन के साथ शामिल हुए भक्तों ने पर्यावरण-संरक्षण का संकल्प भी लिया। बप्पा को विदा करते समय लगातार एक ही आवाज गूंज रही थी – “बप्पा, अगले साल जल्दी आना।”
इस अवसर पर पुलिस और पालिका प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और स्वच्छता की पूरी व्यवस्था की थी।
भक्तों के उत्साह और आस्था से पूरा कुर्ला गणेशमय हो उठा। विसर्जन के बाद भी श्रद्धालुओं के दिल में सिर्फ एक ही पुकार थी – “गणपति बप्पा मोरया… अगले साल जल्दी आना!”













