जम्मू 04 मार्च। शिवसेना जम्मू कश्मीर ईकाई ने होली पर्व पर चीन में निर्मित सामान को नहीं खरीदने तथा होलिका दहन के दिन चीन के सामान को आग के हवाले करने की अपील की है।
पार्टी प्रदेश कार्यालय में शनिवार को आयोजित एक पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रमुख मनीश साहनी ने होली पर्व पर जनता से चीन में निर्मित सामान नहीं खरीदने की अपील की है। साहनी ने कहा कि कश्मीर में आतंकियों की मदद करने तथा भारतीय जवानों पर जानलेवा हमले करने जैसी नापाक हरकतों को अंजाम देने वाले देश में निर्मित सामान की भारतीय बाजारों में कोई जगह नहीं है।
साहनी ने कहा कि केन्द्र सरकार की चीन से आयात पर पूर्ण रोक लगाने पर कोई कूटनीतिक मजबूरी हो सकती है मगर जनता को चीन के सामान का पूर्ण बहिष्कार करना चीन पर आर्थिक प्रहार जारी रखना चाहिए। साहनी ने कहा कि होली पर पार्टी मध्यवर्ती कार्यालय जम्मू में चीन के सामान को आग के हवाले कर होलिका दहन पर्व मनाया जाएगा। इस मौके पर महासचिव विकास बख्शी, उपाध्यक्ष संजीव कोहली, राज सिंह उपस्थित थे।













