बॉलीवुड एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत अपनी बेबाकी के साथ-साथ अपनी आध्यात्मिक सोच के लिए भी जानी जाती हैं। फिल्म और इंडस्ट्री से जुड़ी बातों के अलावा वे सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों पर भी खुलकर बोलती हैं। एक्ट्रेस फिलहाल मुंबई में हैं और वहां प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर के दर्शन करने पहुंचीं।

कंगना रनौत ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। इनमें वे सिद्धिविनायक मंदिर और मुंबा देवी मंदिर परिसर में दर्शन और पूजा-अर्चना करती दिख रही हैं। कंगना ने कैप्शन लिखा है, ‘आज मुंबई के राजा श्री सिद्धिविनायक जी और मुंबई की माता श्री मुंबा देवी के दर्शन किए’। कंगना रनौत गोल्डन कलर की कांजीवरम साड़ी में मंदिर पहुंचीं। बालों में गजरा और हैवी ईयररिंग्स के साथ उन्होंने अपना लुक कंपलीट किया। कंगना ने बप्पा के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया।
सिद्धिविनायक मंदिर में दर्शन के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए कंगना ने कहा, ‘हमारे सिद्धिविनायक भगवान पूरे मुंबई क्षेत्र के रक्षक हैं। जब भी आती हूं, इनका दर्शन करने का सौभाग्य मिलता है। आज ज्यादा खास है। जो यहां के बीजेपी कार्यकर्ता हैं, उन्होंने मुझे गणपति भेंट भी की।’
उन्होंने आगे कहा, ‘बीजेपी में जो हमारी टीम है, उसका सशक्तीकरण हुआ। जो आज की हमारी चुनौतियां हैं, चाहे वो दिमागी नक्सल कह लीजिए, चाहे वो बाकी जो एक नैरेटिव। जैसे हम देख रहे हैं कि न्यूजपेपर, टेक्स्टबुक और पेरेंट्स की गाइडेंस से बढ़कर आज सोशल मीडिया, रील कल्चर उससे लड़ने के लिए एक तो और ज्यादा महिलाओं को जिस तरह से पूरी तरह इंक्लूड किया गया है, युवाओं को इंक्लूड किया गया है।’
एक्ट्रेस ने अंत में कहा, ‘उस तरीके के नेचर को संभालने के लिए, उससे लड़ने के लिए एक नई ऊर्जा के साथ हमारा जो विजन है, आगे 2047 का प्रधानमंत्री जी का, उस तक बढ़ने के लिए उन्होंने बहुत शानदार टीम बनाई है और उस टीम को भी हम बहुत बधाई देते हैं।’












