नई दिल्ली, 11 नवंबर । दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने लोकनायक अस्पताल पहुंचकर दिल्ली विस्फोट के पीड़ितों से मंगलवार को मुलाकात की। उन्होंने सरकार की तरफ से पीड़ितों को हर संभव मदद मुहैया कराने का आश्वासन दिया।

दिल्ली राजनिवास के मुताबिक, उपराज्यपाल सक्सेना ने गुजरात के केवाड़िया में दिल्ली डे समारोह से जुड़ी आधिकारिक यात्रा को समाप्त कर दिया और अहमदाबाद होते हुए दिल्ली लौट आए। उन्होंने लोकनायक अस्पताल पहुंचकर वहां की स्थिति का जायजा लिया और अस्पताल में भर्ती पीड़ितों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ितों के अच्छे स्वास्थ की कामना की और हादसे में जान गवाने वाले लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
उपराज्यपाल ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच जल्द से जल्द पूरी की जाएगी और दोषियों को सजा दिलाई जाएगी।
उल्लेखनीय है कि सोमवार शाम 6.52 बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर एक के पास आई20 कार में विस्फोट हुआ। इसमें 9 लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हुए। घायलों को लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक घायल के आज दम तोड़ने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हो गयी है।












