महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. एक लड़का आत्महत्या के मकसद से पहाड़ी से नीचे कूद गया. उसे बचाने की कोशिश में उसके पिता भी नीचे गिर गए. बेटे और पति को नीचे गिरता देख सदमे से मां ने भी कूदकर जान दे दी. एक ही झटके में पूरा परिवार खत्म हो गया.आत्महत्या करने की कोशिश कर रहे बेटे को बचाने के चक्कर में माता-पिता की भी मौत हो गई.

लड़के को करीब 3 घंटे तक परिवार और गांव वालों ने बहुत समझाया लेकिन उसने किसी की बात नहीं सुनी. आखिरकार इस संघर्ष का दुखद अंत हो गया. पहाड़ी से कूदकर आत्महत्या करने वाले लड़के की उम्र 18 साल थी. देखते ही देखते परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान कुणाल चांदगुडे (19 वर्ष), उनके पिता मुरलीधर चांदगुडे (48 वर्ष) और मां संगीता चांदगुडे (42 वर्ष) के रूप में हुई है.
प्राथमिक जानकारी के अनुसार 18 साल के कुणाल मानसिक तनाव या किसी विवाद के कारण आत्महत्या करने के इरादे से खवड्या पहाड़ की खतरनाक चट्टान के मुहाने पर चढ़ गया था. पुलिस और स्थानीय प्रशासन को जैसे ही इस बात की भनक लगी, वे तुरंत टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उनके पीछे-पीछे युवक के पिता मुरलीधर और मां संगीता भी वहां पहुंच गए. पहाड़ की चोटी पर भारी भीड़ जमा हो गई थी और हर कोई युवक को नीचे उतरने के लिए समझा रहा था.
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, अग्निशमन दल ने युवक को सुरक्षित बचाने के लिए पहाड़ के नीचे सुरक्षा जाल बिछा दिया था. हालांकि, चट्टान के किनारे पर खड़ा कुणाल लगातार अपनी जगह बदल रहा था और जाल की पहुंच से दूर हो रहा था. इसी दौरान बेटे को मौत के मुंह से खींचने के लिए पिता मुरलीधर जोखिम उठाकर चट्टान के एकदम करीब पहुंच गए. उन्होंने जैसे ही बेटे को पकड़कर पीछे खींचने की कोशिश की, उनका संतुलन बिगड़ गया. देखते ही देखते पिता और बेटा दोनों सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरे.
आंखों के सामने पति और इकलौते बेटे को नीचे गिरते देख मां संगीता अपने होश खो बैठीं. इस गहरे सदमे और दुख में उन्होंने भी बिना एक पल गंवाए उसी चट्टान से नीचे छलांग लगा दी. तीनों को गंभीर हालत में निकाला गया, लेकिन खाई में गिरने से तीनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी. स्थानीय लोगों का कहना है कि खवड्या पहाड़ अब एक तरह का मौत का जाल बनता जा रहा है. यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम न होने के कारण पहले भी कई हादसे और आत्महत्या की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.












