बॉलीवुड की पॉपुलर एक्ट्रेस रहीं महिमा चौधरी (Mahima Chaudhry) ब्रेस्ट कैंसर से जूझ रहीं है और इस बात का खुलासा खुद महिमा चौधरी ने अनुपम खेर के साथ बातचीत करते हुए किया। ब्रेस्ट कैंसर से जूझ रही महिमा चौधरी का एक वीडियो अनुपम खेर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है, जिसमें अभिनेत्री का लुक को देखने के बाद उन्हें पहचानना फैंस के लिए थोड़ा मुश्किल हो सकता है।
अनुपम खेर ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया है। अनुपम ने वीडियो के कैप्शन में लिखा है, “महिमा चौधरी के साहस और कैंसर की कहानी। मैंने अपनी 525वीं फिल्म ‘द सिग्नेचर’ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए पिछले महीने महिमा चौधरी को कॉल किया था। बातचीत के दौरान मुझे पता चला कि वे ब्रैस्ट कैंसर से जूझ रही हैं। इसके बाद हमारी बातचीत में जो हुआ, उनका वह रवैया दुनियाभर की महिलाओं को उम्मीद से भर देगा। वह चाहती थीं कि मैं इस बारे में खुलासा करूं। महिमा आप मेरी हीरो हो। दोस्तों आप उन्हें अपना प्यार, गर्मजोशी, शुभकामनाएं और आशीर्वाद भेजें।”
7.30 मिनट लंबे वीडियो को देखें तो महिमा के सिर के बाल झड़ चुके हैं। वे पहले से कुछ मोटी नज़र आ रही हैं। वीडियो में महिमा ने बताया कि उन्हें ब्रैस्ट कैंसर के कोई लक्षण नहीं थे। लेकिन हर साल वे चैकअप जरूर करवाती थीं। इसी दौरान उनकी जांच करने वाले शख्स ने उन्हें डॉ. मंदार से मिलने की सलाह दी। महिमा ने ऐसा ही किया और बायोप्सी कराने के बाद पता चला कि उन्हें ब्रेस्ट कैंसर है। हालांकि, उनकी मानें तो यह शुरुआती चरण में था, जिसे ठीक किया जा सकता है।
अनुपम को ऐसे पता चला कैंसर के बारे में
अनुपम के मुताबिक़, जब उन्होंने महिमा को फोन किया और उनसे उनकी फिल्म में काम करने के बारे में पूछा। इस पर महिमा ने कहा कि क्या वे इंतज़ार कर सकते हैं। जवाब में अनुपम ने कहा कि वे इतजार नहीं कर सकते। तब महिमा ने उनसे पूछा कि क्या वे विग के साथ फिल्म के सेट पर आ सकती हैं? इस पर अनुपम को थोड़ा अजीब लगा और उन्होंने वजह पूछी तो पता चला कि वे ब्रैस्ट कैंसर से जूझ रही हैं। वीडियो में महिमा को बात करते-करते इमोशनल होते और अपने आंसू पोंछते भी देखा जा सकता है।
ब्रेस्ट कैंसर के बारे में बताते हुए रो पड़ीं महिमा चौधरी
महिमा चौधरी इस वीडियो में अपने कैंसर डिटेक्ट होने के बारे में डिटेल में अनुपम खेर को बता रही हैं और साथ ही अपने कैंसर के बारे में बताते हुए महिमा ने ये भी बताया कि अनुपम खेर उनके दोस्त हैं इसलिए उन्होंने ये बता दिया, वरना काफी समय तक उन्होंने कैंसर की बात अपने माता-पिता को भी नहीं बताई थी। अपनी बात की शुरुआत करते हुए महिमा चौधरी ने खुद को काफी मजबूत रखा, लेकिन अंत में वह काफी भावुक हो गयीं। अपनी इस वीडियो में महिमा चौधरी ब्रेस्ट कैंसर से जूझ रहीं महिलाओं की हिम्मत बढ़ाती हुई नजर आ रही हैं।













