कोलकाता, 30 अप्रैल — कोलकाता के बड़ाबाजार स्थित मछुआ इलाके में मंगलवार रात एक होटल में भीषण आग लगने से कम से कम 14 लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य झुलस गए हैं। मृतकों में आनंद पासवान की पहचान हुई है, जिन्होंने आग से बचने के प्रयास में ऊपरी मंजिल से छलांग लगा दी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

आग लगते ही होटल में धुआं भर गया और पूरी इमारत गैस चेंबर में तब्दील हो गई। दमकलकर्मी खिड़कियां तोड़कर चौथी और पांचवीं मंज़िल तक पहुंचे और सीढ़ियों की मदद से फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला। कई लोगों की मौत दम घुटने से हुई। कुछ लोग खिड़कियों और कार्निश पर चढ़कर जान बचाने की कोशिश करते दिखे।
होटल ऋतुराज में कुल 47 कमरे थे, जो लगभग पूरी तरह भरे हुए थे। आग मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे लगी। सूचना मिलते ही दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, बाद में और 5 गाड़ियां भेजी गईं। आग पर काबू पाने में करीब आठ घंटे लगे। बुधवार सुबह तक मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी है।
कोलकाता पुलिस आयुक्त मनोज वर्मा ने बताया कि घटना की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है और फॉरेंसिक टीम आज मौके पर पहुंचेगी। यह इमारत एक संकरी गली में स्थित है, जिसके कारण दमकलकर्मियों को काफी कठिनाई हुई। क्षेत्र की घनी आबादी और संकरी गलियों ने स्थिति को और गंभीर बना दिया।
राज्य के शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम, महिला एवं बाल विकास मंत्री शशि पांजा और कोलकाता के मेयर ने रातभर राहत कार्यों की निगरानी की। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दीघा में होते हुए भी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी दहशत है। प्रत्यक्षदर्शी अभी भी सदमे में हैं। प्रारंभिक जांच में होटल प्रबंधन की ओर से अग्निशमन सुरक्षा में लापरवाही की संभावना से इनकार नहीं किया गया है। घटना को कोलकाता के इतिहास में सबसे गंभीर होटल अग्निकांडों में से एक माना जा रहा है।