अयोध्या, 14 अप्रैल । देश के प्रमुख धार्मिक नगर अयोध्या की हवाई कनेक्टिविटी को और सशक्त बनाते हुए सोमवार को हरियाणा के हिसार से सीधी हवाई सेवा की शुरुआत हुई। इस सेवा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह कनेक्टिविटी न केवल हिसार और अयोध्या को जोड़ने का कार्य करेगी, बल्कि तीर्थाटन और पर्यटन को भी नई दिशा देगी।

पहली उड़ान का भव्य स्वागत
सोमवार दोपहर 12:35 बजे जैसे ही विमान अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचा, उसे वाटर कैनन सैल्यूट दिया गया। एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार और उनकी टीम ने यात्रियों का तिलक, पुष्प और केक काटने की रस्म के साथ भव्य स्वागत किया। ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से माहौल भक्तिमय हो गया।
उड़ान सप्ताह में दो दिन, कुल यात्रा समय 1 घंटा 45 मिनट
निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि यह एटीआर 72 सीटर विमान शुक्रवार और रविवार को संचालित होगा। उड़ान अयोध्या में दोपहर 12:35 बजे लैंड करेगी और 1:00 बजे हिसार के लिए रवाना होगी। पहली उड़ान में 61 यात्री अयोध्या पहुंचे जबकि 42 यात्री हिसार के लिए लौटे। यह आंकड़ा इस सेवा की लोकप्रियता को दर्शाता है।
रामनगरी की बढ़ती महत्ता
राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या धार्मिक पर्यटन का एक वैश्विक केंद्र बनता जा रहा है। ऐसे में देश के विभिन्न हिस्सों से सीधी हवाई सेवाएं स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बल देंगी। होटल, टैक्सी, गाइड जैसे क्षेत्रों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
यात्रियों की खुशी, सरकार को धन्यवाद
हिसार से आए यात्री कुणाल ने कहा, “कभी नहीं सोचा था कि हमारे शहर से सीधे अयोध्या प्लेन जाएगा। यह सपना साकार हो गया।” रेनू गिल ने खुशी जताते हुए कहा, “मोदी जी और योगी जी का धन्यवाद, अब यात्रा आसान और सुलभ हो गई है।” वहीं अदिति गोयल ने हरियाणवी अंदाज में कहा, “प्रधानमंत्री हो तो नरेंद्र मोदी जैसा!”