नई दिल्ली, 28 मई।
दुनिया भर के बाजारों से आज सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं। अमेरिका के शेयर बाजारों में कल के सत्र में जबरदस्त तेजी देखने को मिली, जिससे वॉल स्ट्रीट के प्रमुख इंडेक्स 2.5 प्रतिशत तक की मजबूती के साथ बंद हुए। हालांकि, डाउ जोंस फ्यूचर्स आज सपाट रुख दिखा रहा है। यूरोपीय बाजारों ने भी मिला-जुला प्रदर्शन किया। वहीं, एशियाई बाजारों में भी आज के सत्र में मिश्रित कारोबार देखने को मिल रहा है।
अमेरिकी बाजारों में चार दिन की गिरावट के बाद कल तेज रिकवरी हुई। डाउ जोंस 2.54% उछलकर बंद हुआ। एसएंडपी 500 ने 118.72 अंक यानी 2.05% की बढ़त दर्ज की और 5,921.54 अंक पर बंद हुआ। नैस्डैक भी 461.96 अंक या 2.47% चढ़कर 19,199.16 के स्तर पर बंद हुआ। हालांकि, डाउ जोंस फ्यूचर्स फिलहाल 0.27 अंक की मामूली गिरावट के साथ 42,343.92 अंक पर कारोबार कर रहा है।
यूरोपीय बाजारों में बीते सत्र में शुरुआत मजबूत रही, लेकिन अंत में मुनाफावसूली का असर देखा गया। एफटीएसई इंडेक्स 0.68% चढ़कर 8,778.05 पर, डीएएक्स इंडेक्स 0.82% बढ़कर 24,226.49 पर बंद हुआ। वहीं, सीएसी इंडेक्स 0.02% की मामूली गिरावट के साथ 7,826.79 पर बंद हुआ।
एशिया के बाजारों में भी आज मिली-जुली तस्वीर देखने को मिल रही है। 9 प्रमुख एशियाई बाजारों में से 6 में तेजी और 3 में गिरावट का रुख है। गिफ्ट निफ्टी 98.50 अंक यानी 0.40% गिरकर 24,763 के स्तर पर ट्रेड कर रहा है। हैंग सेंग इंडेक्स 0.59% टूटकर 23,243.69 पर और जकार्ता इंडेक्स 0.15% गिरकर 7,188.44 पर पहुंचा है।
दूसरी ओर, निक्केई इंडेक्स 0.37% बढ़कर 37,865.15 पर, स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.48% की तेजी के साथ 3,914.91 पर, और कोस्पी इंडेक्स 1.74% की छलांग लगाकर 2,683.16 पर पहुंच गया है। इसके अलावा सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.79%, ताइवान वेटेड इंडेक्स 0.26% और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.07% की तेजी के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं।