नई दिल्ली, 3 मई – राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गोवा के शिरगांव में लैराई देवी मंदिर में मची भगदड़ में हुई जनहानि पर गहरा दुख प्रकट किया है।

यह हादसा शनिवार तड़के उस समय हुआ जब मंदिर में वार्षिक धार्मिक यात्रा के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए थे। भगदड़ में छह लोगों की मौत हो गई और लगभग 30 लोग घायल हो गए, जिनमें आठ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “गोवा के शिरगांव में भगदड़ की दुर्भाग्यपूर्ण घटना से गहरा दुख हुआ। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं और मैं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करती हूं।”
प्रधानमंत्री मोदी ने गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत से फोन पर बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली और केंद्र की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “शिरगांव हादसे से व्यथित हूं। मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन राहत कार्य में जुटा है।”
उल्लेखनीय है कि यह धार्मिक उत्सव हर साल गोवा, महाराष्ट्र और कर्नाटक से हजारों श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है।