सियोल, 03 जून। दक्षिण कोरिया में आज राष्ट्रपति पद के लिए हो रहे उपचुनाव में मतदान शुरू हो गया है। यह चुनाव पूर्व राष्ट्रपति यून सुक योल को मार्शल लॉ लागू करने के विवाद के चलते पद से हटाए जाने के 60 दिन बाद कराया जा रहा है। सुबह 6 बजे से देशभर के 14,295 मतदान केंद्रों पर वोटिंग शुरू हुई, जो रात 8 बजे तक चलेगी।
द कोरिया टाइम्स के अनुसार, विजयी प्रत्याशी बुधवार को पदभार संभालेंगे और उनका कार्यकाल जून 2030 तक रहेगा। मतदान के लगभग 30 मिनट बाद 254 केंद्रों पर मतगणना शुरू हो जाएगी और रात में देर तक नतीजे आने की संभावना है।
आंतरिक एवं सुरक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस चुनाव में लगभग 4.43 करोड़ पात्र मतदाता वोट डालने के हकदार हैं।
चुनाव से पहले गुरुवार और शुक्रवार को हुए प्रारंभिक मतदान में लगभग 1.54 करोड़ मतदाताओं ने हिस्सा लिया। इसमें उदारवादी डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ कोरिया के उम्मीदवार ली जे-म्यांग को करीब 49% मत प्राप्त हुए। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी रूढ़िवादी पीपल पावर पार्टी के किम मून-सू हैं।
दक्षिण कोरिया के इस महत्वपूर्ण चुनाव पर पूरे एशिया की नजरें टिकी हैं, क्योंकि यह भविष्य की विदेश नीति, उत्तर कोरिया के साथ संबंधों और आर्थिक दिशा को भी प्रभावित करेगा।