चंडीगढ़, 27 नवंबर । पंजाब के फिरोजपुर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ता का हत्या आरोपित फाजिल्का में मुठभेड़ के दौरान ढेर हो गया। पुलिस का दावा है कि आरोपित अपने ही साथियों की गोली का शिकार हुआ है।

पंजाब के फिरोजपुर में बीती 15 नवंबर को आरएसएस कार्यकर्ता नवीन अरोड़ा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने बादल तथा कनव को गिरफ्तार किया था। डीआईजी एचएस गिल ने बताया कि फिरोजपुर के डीएसपी सिटी, डीएसपी डिटेक्टिव तथा सीआईए टीम बादल को लेकर रिकवरी के लिए शमशान घाट के पास पहुंची, तभी आरोपितों के साथियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
इस फायरिंग में पंजाब पुलिस के हेड कांस्टेबल बलौर सिंह भी घायल हो गए। इसी बीच हत्या आरोपित बादल अपने ही साथियों की गोली का निशाना बनकर मौके पर ढेर हो गया। पुलिस ने घायल कांस्टेबल को अस्पताल में भर्ती कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।












