नई दिल्ली, 16 मई।
घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान बिकवाली हावी रही। निवेशकों की मुनाफावसूली से बाजार पर दबाव बना रहा, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट दर्ज की गई। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 0.31% की गिरावट के साथ और निफ्टी 0.25% टूटकर कारोबार कर रहे थे।
इस दौरान प्रमुख शेयरों में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एटरनल, आयशर मोटर्स, अडाणी एंटरप्राइजेज और एनटीपीसी में 1.18% से 2.13% तक की तेजी देखी गई। वहीं दूसरी ओर भारती एयरटेल, इंडसइंड बैंक, एसबीआई, एचसीएल टेक और इंफोसिस के शेयरों में 0.88% से 2.60% तक की गिरावट देखने को मिली।
अब तक के कारोबार में 2,410 शेयरों में ट्रेडिंग हुई, जिनमें से 1,848 शेयरों में तेजी, जबकि 562 शेयरों में गिरावट रही। सेंसेक्स के 30 में से 11 शेयर हरे निशान में और 19 लाल निशान में थे। वहीं निफ्टी के 50 में से 21 शेयरों में तेजी और 29 में गिरावट देखी गई।
सेंसेक्स ने आज 138.11 अंकों की गिरावट के साथ 82,392.63 पर शुरुआत की, लेकिन कारोबार के दौरान यह 82,514.81 तक चढ़ा और फिर 82,201.49 तक गिर गया। सुबह 10 बजे तक यह 254.50 अंकों की कमजोरी के साथ 82,276.24 पर कारोबार कर रहा था।
निफ्टी ने 2.55 अंकों की मामूली बढ़त के साथ 25,064.65 पर शुरुआत की, लेकिन जल्द ही बिकवाली के दबाव में आकर यह 24,975.80 तक फिसल गया। सुबह 10 बजे तक यह 63.80 अंकों की गिरावट के साथ 24,998.30 पर ट्रेड कर रहा था।
गौरतलब है कि पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स 1,200.18 अंक (1.48%) की उछाल के साथ 82,530.74 पर और निफ्टी 395.20 अंक (1.60%) की तेजी के साथ 25,062.10 पर बंद हुआ था।













