महाराष्ट्र में फ्लोर टेस्ट से पहले एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने बड़ी भविष्यवाणी की है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) प्रमुख शरद पवार ने रविवार को कहा कि महाराष्ट्र में मध्यावधि चुनाव होने की संभावना है, क्योंकि शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली राज्य सरकार अगले छह महीने में गिर सकती है।
पवार ने रविवार शाम को राकांपा विधायकों और पार्टी के अन्य नेताओं को संबोधित करते हुए यह बात कही। बैठक में शामिल राकांपा के एक नेता ने पवार के हवाले से कहा, “महाराष्ट्र में नवगठित सरकार अगले छह महीनों में गिर सकती है, इसलिए सभी को मध्यावधि चुनाव के लिए तैयार रहना चाहिए।nशिंदे के साथ जो बागी विधायक हैं उनसे में बहुत से लोग मौजूदा व्यवस्था से खुश नहीं हैं। जैसे ही मंत्रालय बांटे जाएंगे तो सब बाहर आ जाएगा और इसका नतीजा यह होगा कि सरकार गिर जाएगी।”
शरद पवार ने बैठक के दौरान यह भी उम्मीद जताई कि ज्यादातर बागी विधायक पुरानी जगह (ठाकरे के साथ) आ जाएंगे। लेकिन राज्य में मध्यावधि चुनाव होंगे, इसलिए सभी विधायक अब अपने क्षेत्र में समय बिताएं।
उद्धव ठाकरे गुट को बड़ा झटका
उधर, महाराष्ट्र विधानसभा में एकनाथ शिंदे सरकार के बहुमत परीक्षण से एक दिन पहले उद्धव ठाकरे धड़े को बड़ा झटका देते हुए रविवार रात को महाराष्ट्र विधानसभा के नवनियुक्त अध्यक्ष ने शिवसेना विधायक अजय चौधरी को पार्टी विधायक दल के नेता पद से हटा दिया। विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर के दफ्तर की तरफ से जारी चिट्ठी में शिंदे को शिवसेना के विधायक दल के नेता के रूप में बहाल किया गया और ठाकरे गुट से संबंधित सुनील प्रभु को हटाकर शिंदे खेमे के भरत गोगावले को शिवसेना के मुख्य सचेतक के रूप में नियुक्त किया गया।












