मुंबई, 03 अप्रैल । महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में मुंबई-गोवा राजमार्ग पर नागोठने के पास स्थित सुकली घाट में एक निजी लक्जरी बस अनियंत्रित होकर पलट जाने से दो लोगों की मौत हो गई। इस घटना में 38 लोग घायल हो गए, इन सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इनमें से कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि निजी लक्जरी बस आज तडक़े मुंबई से गोवा की ओर जा रही थी। बस जैसे ही नागोठने के पास सुकली घाट के घुमावदार रास्ते पर पहुंची, चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया और बस सडक़ किनारे पलट गई। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य शुरु किया।
इस घटना में मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई। इन दोनों शवों को बरामद कर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना में 38 घायलों को तत्काल नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में से 5 की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए मुंबई के अस्पतालों में रेफर किया जा सकता है। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सडक़ से हटाकर यातायात बहाल किया गया है।











