उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक आवासीय विद्यालय में मोमोज खाने के बाद कई बच्चों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है. घटना शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित बीएल विद्या मंदिर आवासीय एवं दैनिक विद्यालय की है. तबीयत बिगड़ने के बाद दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, बच्चों ने देर रात स्कूल में मोमोज खाए थे. इसके कुछ समय बाद कई बच्चों ने पेट में तेज दर्द और तबीयत खराब होने की शिकायत की. हालत बिगड़ने पर स्कूल प्रबंधन बच्चों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचा.

डॉक्टरों ने 12 वर्षीय नितिन को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया. नितिन बांदा के गिरवां थाना क्षेत्र के सरस्वाहा गांव का रहने वाला था. वहीं 8 वर्षीय अरुण की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई. एक अन्य बच्चा अभी जिला अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों के परिजन अस्पताल पहुंचे. परिजनों और अस्पताल में भर्ती बच्चों का दावा है कि स्कूल में मोमोज खाने के कुछ देर बाद ही पेट में तेज दर्द शुरू हुआ और इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालांकि, बच्चों की मौत की वास्तविक वजह क्या है, यह अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
बांदा के अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) बांदा, श्री शिवराज ने बताया, ‘कोतवाली नगर क्षेत्र के एक आवासीय विद्यालय में 12 और 8 वर्षीय दो बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. परिजनों को सूचित कर दिया गया है और पुलिस द्वारा शवों के पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है.’












