लखनऊ, 14 मई।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ की ऐतिहासिक सफलता के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देशभर में ‘भारत शौर्य तिरंगा यात्रा’ का आयोजन कर रही है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार को निकाली गई तिरंगा यात्रा का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया।
मुख्यमंत्री योगी ने इस अवसर पर तीनों सेनाओं के वीर जवानों को बधाई देते हुए कहा, “हम किसी को छेड़ते नहीं हैं, लेकिन अगर कोई हमें छेड़ेगा, तो फिर हम उसे छोड़ते भी नहीं हैं।” उन्होंने कहा कि भारत की ओर जो अंगुली उठाएगा, उसके जनाजे में कोई रोने वाला भी नहीं मिलेगा।
पाकिस्तान को बताया ‘विफल राष्ट्र’
योगी आदित्यनाथ ने पाकिस्तान को निशाने पर लेते हुए कहा कि वह एक विफल राष्ट्र है, जिसने पिछले 70–75 वर्षों में सिर्फ आतंकवाद के बीज बोए हैं। उन्होंने कहा,
“आज दुनिया ने देखा कि पाकिस्तान में आतंकियों के जनाजे में वहां के नेता और सैन्य अधिकारी शामिल हो रहे हैं। यह किसी राष्ट्र के पतन की निशानी है।”
मुख्यमंत्री ने चेताया कि आतंकवाद ही एक दिन पाकिस्तान को खत्म कर देगा।
तिरंगा भारत की शान का प्रतीक है
योगी ने कहा कि यह यात्रा तिरंगे के प्रति सम्मान, सशस्त्र बलों की वीरता को नमन और प्रधानमंत्री के प्रति आभार प्रकट करने के लिए आयोजित की जा रही है। उन्होंने अपील की कि राष्ट्र प्रथम की भावना से हम सभी मिलकर विकसित भारत के निर्माण में जुटें।
तिरंगा यात्रा का आयोजन मुख्यमंत्री आवास से शुरू होकर 1090 चौराहे तक हुआ, जिसमें स्कूलों के छात्र-छात्राएं, भाजपा कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए।