देश के अधिकांश हिस्सों में बीते कुछ दिनों भारी बारिश का दौर जारी है। भारी बारिश के कारण देश के कई राज्यों में हाल बेहाल है।
मौसम विभाग के मुताबिक तेलंगाना में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है, वहीं गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में भारी बारिश और बाढ़ ने अब तक 18 लोगों की जान ले ली है। वहीं दूसरी ओर कर्नाटक और असम में हजारों लोग बाढ़ और भूस्खलन की चपेट में हैं। राजस्थान में छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश हुई, जबकि कुछ अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
उत्तराखंड में भूस्खलन
भारी बारिश के कारण उत्तराखंड में जल कर्फ्यू जैसा हाल है। ताजा अपडेट के अनुसार, उत्तराखंड के चमोली में भूस्खलन की घटना सामने आई है। वहीं, बद्रीनाथ राजमार्ग बंद हो गया है। घरों के क्षतिग्रस्त होने के साथ ही कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। प्रशासन बचाव और राहत कार्य में जुटा हुआ है।
भारी बारिश ने गुजरात में मचाई तबाही
गुजरात में भी भारी बारिश ने गुजरात में भी तबाही मचा रखी है। बारिश और बाढ़ की वजह से जून महीने से लेकर अब तक गुजरात में 70 लोग जान गंवा चुके हैं। वहीं प्रभावित 10 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। गुजरात के कई जिलों में भारी बारिश की वजह से हाई अलर्ट जारी किया गया है। गुजरात में दो दिन में ही 38 फीसदी बारिश हुई है।
IMD ने गुजरात के वलसाड, नवसारी, सूरत, तापी, डांग, नर्मदा, छोटा उदयपुर जिलों के साथ-साथ सौराष्ट्र क्षेत्र के कच्छ, राजकोट, जामनगर, देवभूमि द्वारका और मोरबी में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश ने गुजरात के अधिक क्षेत्रों को कवर किया, जहां पिछले 24 घंटों में बारिश से संबंधित घटनाओं में 6 लोगों की मौत हो गई.
महाराष्ट्र में बारिश और बाढ़ से अब तक 89 की मौत
महाराष्ट्र में लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है. पिछले 24 घंटों में 5 मौतों के साथ कई जिलों में बारिश और बाढ़ की स्थिति के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 89 हो गई है. बारिश और बाढ़ से 27 जिले प्रभावित हैं, वहीं 249 गांवों में भी इसका असर है. 4 लोग गायब हैं, जबकि 68 लोग घायल हुए हैं.
इसके अलावा 44 घर पूरी तरह से जबकि 1368 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं. अभी तक 7796 लोगों को बचाया गया है, जबकि 35 राहत शिविर खोले गए हैं. राहत व बचाव कार्य के लिए NDRF की 13 टीमें पहले से तैनात हैं, जबकि SDRF की 3 टीमें तैनात हैं.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पुणे, सतारा, सोलापुर, सांगली और कोल्हापुर जिलों के लिए बुधवार को मौसम संबंधी चेतावनी जारी करते हुए वहां शाम तक मध्यम से भीषण बारिश होने का अनुमान जताया है. रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, धुले, नंदुरबार, उस्मानाबाद, औरंगाबाद, बीड और नासिक जिलों के लिए भी ऐसी ही चेतावनी जारी की है.
हैदराबाद में बाढ़ का खतरा
मौसम विभाग ने मंगलवार को कहा कि अगले 3 दिनों के दौरान तेलंगाना में कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। दक्षिणी राज्य तेलंगाना व आंध्र में पिछले 5 दिनों से जारी बाढ़ ने निचले इलाकों में पानी भर दिया है। यहां जगत्याल, करीम नगर, पेद्दापल्ली, जयशंकर भूपलपल्ली, मुलुगु, भद्राद्री कोठागुडेम, वारंगल ग्रामीण और शहरी जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा राजधानी हैदराबाद में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है, क्योंकि पिछले एक हफ्ते में हुई भारी बारिश के कारण शहर के बीचों बीच हुसैन सागर झील लगभग भर चुकी है। शहर में पिछले दो दिनों से स्कूल-कॉलेज बंद करने के आदेश दिए गए हैं।













